(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ जिले के चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड के सफल खुलासे और मुख्य सह-साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद रामगढ़ पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) को सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया।
गौरतलब है कि 21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ रामगढ़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए टीम ने कांड के मुख्य सह-साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल तथा करीब 370 ग्राम सोने जैसे 22 आभूषण और लगभग 160 ग्राम चांदी जैसे 9 आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार शमशेर आलम के विरुद्ध रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने रजरप्पा थाना के थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह, संजय कुमार रजक, निरंजन कुमार सिंह, रंजीत कुमार महतो तथा मो. इकबाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं चालक हवलदार रोहित सिंह, आरक्षी नीरज कुमार भट्ट, फुलचन्द महतो, संतोष कुमार सिंह, भानू रजक तथा राजकुमार पासवान को नगद पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई।







