(मो० काजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - पाकुड़ के लड्डू बाबू बागान में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू और महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 2 फरवरी को दुमका में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान पाकुड़ जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दुमका ले जाने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष झामुमो का स्थापना दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि हर गांव और हर गली में “2 फरवरी दुमका चलो” का दीवार लेखन किया जाए।
वहीं, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आदिवासी-मूलवासी अस्मिता और संघर्ष की पहचान है।
महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संघर्ष और संकल्प का दिन है।









