(चंदन वर्मा, संवाददाता)
रामगढ़ - रामगढ़ की चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर करीब दो किलोमीटर तक बेकाबू होकर दौड़ता रहा और रास्ते में आने वाले वाहनों को टक्कर मारता चला गया।
इस हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में ट्रेलर का ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








