(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ जिले के नयसराय चौक स्थित ओल्ड एनएच-33 पर बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रियाज अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रियाज अंसारी एक हाईवा वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और नयसराय चौक के समीप ओल्ड एनएच-33 को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा क्षेत्र में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि वाहन जांच के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जाता है, जबकि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है। जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।








