(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - रांची में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर हजारीबाग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। लगातार आज सोमवार को भी चौपारण से चरही और बड़कागांव मार्ग तक प्रमुख रास्तों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर छोटी-बड़ी गाड़ियों को रोककर यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। हजारीबाग के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी से लेकर डीएसपी स्तर के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से जांच में सहयोग करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।








