रांची - धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं शहादत दिवस के मौके पर मंगलवार को राजधानी रांची के कोकर स्थित समाधि स्थल को विशेष रूप से सजाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, रांची की मेयर रोशनी खलखो सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। सभी ने धरती आबा के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षों तथा योगदान को याद किया।
इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिरसा चौक पहुंचे। जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मौजूद लोगों ने बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने और उनके सपनों के झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा हम सभी के लिए प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। उन्हें सम्मान के साथ याद किया जाना बहुत ही महत्वपूर्ण बात है। उनके संघर्ष, आदर्श एवं दिखाए रास्ते हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।








