रांची – रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र के कोकालग्राम गांव में एक दो वर्षीय बच्ची ने खेल-खेल में घर में घुसे एक जहरीले करैत सांप को पकड़ लिया। कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। जिसे आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोकालगाम निवासी संजय महतो की दो वर्षीय बेटी पूर्णिमा कुमारी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक विशाल करैत सांप घर में घुस आया। मासूम बच्ची ने अनजाने में सांप को पकड़ लिया और उसके साथ खेलने लगी। बच्ची की मां की नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। परिजनों ने तत्काल बच्ची से सांप को अलग किया और सांप को एक घड़े में बंद कर दिया। कुछ देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। जिसके बाद उसे सिल्ली अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।








