रांची - झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक का 83 साल की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार की सुबह राजधानी रांची के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर आने के बाद न सिर्फ धनबाद बल्कि झारखंड के साथ साथ बिहार कांग्रेस में भी शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब हो कि मन्नान मल्लिक ने अपनी शुरुआत वर्ष 1973 में तत्कालीन बिहार के मुख्यमंत्री अब्दुल गफूर अब्दुल के निजी सचिव के रूप में की थी। वे पहली बार वर्ष 2009 में कांग्रेस के टिकट पर धनबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने और हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री भी बने थे। कोयलांचल की मजदूर राजनीति में उनका बड़ा नाम था। उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से झारखंड कांग्रेस परिवार ने अपना एक अनुभवी एवं समर्पित साथी को खो दिया है।
उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा परिसर में लाया गया। जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, मंत्री सहित सभी दलों के विधायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।








