नई दिल्ली – चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव 18 जून को होना तय हुआ है। इसके साथ ही जिन राज्यों में चुनाव होना है, वहां राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गौरतलब हो कि 24 सीटों में झारखंड की दो सीटें भी शामिल है। एक सीट भाजपा सांसद दीपक प्रकाश के कार्यकाल समाप्त होने के कारण, जबकि दूसरी सीट पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद से रिक्त है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों के लिए, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों के लिए, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट के लिए चुनाव होंगे।
बात झारखंड की करें तो यहां दो राज्यसभा सीटों के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद सुबे को सभी राजनीतिक दलों ने अपनी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। जो आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है।
राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम:
1 जून को अधिसूचना जारी होगी
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून।
नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी।
उम्मीदवार11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक।
18 जून की शाम 5 बजे से मतगणना।
चुनाव की पूरी प्रक्रिया 20 जून तक कर ली जाएगी।










