आशीष प्रसाद (संवाददाता)
CHAIBASA: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो मारिया साई गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती भाभी और मासूम भतीजी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा ससुर को भी आरोपी ने घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
मृतकों की पहचान गर्भवती नानिका बिरूवा और उनकी करीब 10 वर्षीय बेटी शर्मिला बिरूवा के रूप में हुई है। घायल कांडे बिरूवा का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन रोज शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। शनिवार को भी नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान उसने पहले गर्भवती नानिका बिरूवा पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर अपनी मासूम भतीजी शर्मिला बिरूवा की भी हत्या कर दी।
घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गए थे। सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो पत्नी और बेटी के शव खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी को उसके घर लौटते समय गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
नि:संतान होने की कुंठा और पारिवारिक विवाद बना कारण
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, आरोपी की शादी को करीब पांच वर्ष हो चुके थे, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। इसे लेकर वह हीनभावना और अंधविश्वास का शिकार था। वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिसके बाद उसकी पत्नी जान बचाने के लिए छोटे भाई के घर शरण लेती थी। इसी बात से आरोपी अपने छोटे भाई के परिवार से नाराज रहता था। बताया जा रहा है कि शनिवार को इसी रंजिश और अंधविश्वास के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बेटी को खोने के बाद दखल सिंह बिरूवा तथा उनके तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








