(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से लाखों रुपये नकद, मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की है। सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा हटिया के पास साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर साइबर अपराध थाना के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुरुवा गांव में छापेमारी की, जहां से नसरुद्दीन अंसारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी देवघर जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरूखी गांव का निवासी है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, एक आधार कार्ड, एक मोटरसाइकिल तथा 4 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का प्रतिनिधि बताकर लोगों को फोन करता था। वह क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करता था और फिर उनके खातों से ठगी की वारदात को अंजाम देता था।








