(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - 27 अगस्त को झारखंड के विभिन्न जिला मुख्यालयों में कांग्रेस MMDR बिल के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी। बोकारो पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस बिल को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने संशोधित MMDR बिल को संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि इसके लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होगा।
बोकारो सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि राज्य को मिलने वाली यह राशि नहीं मिलने से महिला सम्मान योजना जैसी अन्य योजनाएं प्रभावित होंगी। राजेश ठाकुर ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वे MMDR बिल के संशोधन को राज्य के हित में बता रहे हैं, तो उन्हें यह बताना चाहिए कि इससे राज्य को क्या लाभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बिल से होने वाले नुकसान की जानकारी है। साथ ही दावा किया कि भाजपा के कई कार्यकर्ता और नेता भी दबे जुबान कांग्रेस के इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।








