(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के बरमसिया ओपी अंतर्गत 19 वर्षीय युवक सागर कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मानिक मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आगड्डीह गांव के समीप सिद्धाटांड़ जंगल स्थित एक पुराने कुएं से सागर कुमार का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानिक मांझी अपनी पत्नी पर सागर कुमार द्वारा कथित रूप से की जाने वाली अभद्र टिप्पणियों से नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने सागर को एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके सिर के पीछे डंडे से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को कुएं में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।








