(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सदर विधायक प्रदीप प्रसाद के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारे लगाए। वहीं यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दे रहा था।
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझें।








