हजारीबाग - हजारीबाग जिले के चरही क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 10 वर्षीय मासूम आसिफ साबरी पिता पिता गुड्डू अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने मामा व मां के साथ मोटरसाइकिल पर सवार हजारीबाग से अपने घर ग्राम करीमगंज, फुसरी लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल एक ट्रक के चपेट में आ गयी और दुर्घटना में आसिफ की मौत हो गयी। वहीं घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।









