शाहिद कपूर और कृति सेनन की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है। साल 2024 की सफल साइंस-फिक्शन रोमांटिक कॉमेडी 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' की शानदार कामयाबी के बाद अब मेकर्स ने इसके सीक्वल की तैयारी शुरू कर दी है। अमित जोशी और आराधना साह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने न केवल अपनी अनोखी कहानी से दर्शकों का दिल जीता था, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी 133 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर अपनी सफलता दर्ज कराई थी। फिल्म में कृति सेनन का रोबोटिक किरदार और शाहिद के साथ उनकी केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था।
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीक्वल में शाहिद कपूर और कृति सेनन अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे, लेकिन इस बार कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट देखने को मिल सकता है। चर्चा है कि फिल्म के दूसरे पार्ट में जान्हवी कपूर की एंट्री होने जा रही है, जो एक बेहद अहम और प्रभावशाली भूमिका में नजर आएंगी। कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पहले पार्ट का अंत हुआ था, हालांकि मेकर्स ने फिलहाल स्क्रिप्ट और प्लॉट से जुड़ी बारीकियों को काफी गोपनीय रखा है। यह साफ है कि इस बार कहानी के कॉन्सेप्ट और कैनवास को पिछले मुकाबले काफी बड़े स्तर पर ले जाने की योजना है।
वर्तमान में फिल्म की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त तक पटकथा का काम पूरी तरह से मुकम्मल हो जाएगा। फिल्म की शूटिंग को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार मेकर्स 2027 की पहली छमाही में इसे फ्लोर पर ले जाने की प्लानिंग कर रहे हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट की रफ्तार और प्राथमिकता काफी हद तक शाहिद और कृति की अगली फिल्म 'कॉकटेल 2' के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगी, जो इसी साल 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
मैडॉक फिल्म्स इस फ्रेंचाइजी को आगे ले जाने के लिए काफी उत्साहित है। 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' ने जिस तरह से आधुनिक तकनीक और मानवीय भावनाओं के टकराव को कॉमेडी के तड़के के साथ पेश किया था, उसने सीक्वल के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर दिया है। अब देखना यह होगा कि जान्हवी कपूर की एंट्री शाहिद और कृति की इस अनोखी प्रेम कहानी में क्या नया मोड़ लेकर आती है। फिलहाल फैंस को फिल्म के आधिकारिक ऐलान और 8 अप्रैल को आने वाले 'कॉकटेल 2' के पहले गाने का बेसब्री से इंतजार है।











