मुंबई: रामायण का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो गया है और रिलीज होते ही इसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। करीब 2 मिनट 38 सेकेंड लंबे इस टीजर में शानदार विजुअल्स, दमदार वीएफएक्स और प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक देखने को मिलता है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखता है। रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में बेहद सौम्य और शांत नजर आ रहे हैं, वहीं बदलती परिस्थितियों में उनका वीर और आक्रामक रूप भी झलकता है।
टीजर की खास बात यह है कि इसमें राम के किरदार पर पूरा फोकस रखा गया है, जबकि लक्ष्मण और सीता के किरदारों को जानबूझकर ब्लर रखा गया है। हालांकि, टीजर के अंत में रावण की एक झलक जरूर दिखाई देती है, लेकिन उसका चेहरा पूरी तरह से रिवील नहीं किया गया, जिससे दर्शकों में उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने टीजर रिलीज के मौके पर कहा कि “रामायण की महानता इसकी भावनात्मक गहराई में छिपी है। यह सिर्फ अच्छाई और बुराई की लड़ाई नहीं है, बल्कि हमारे फैसलों, उनके परिणामों और सही रास्ता चुनने की जिम्मेदारी को दर्शाती है। राम का सफर मानवीय मूल्यों से जुड़ा है और हमने इसे पूरी ईमानदारी से दिखाने की कोशिश की है।”
वहीं, भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि “मैं राम को प्रस्तुत करने नहीं, बल्कि उनसे सीखने आया हूं। उनके भीतर जो सादगी और पवित्रता है, उसे समझना और अपने जीवन में उतारने की कोशिश करना मेरे लिए बेहद विनम्र अनुभव रहा है।”
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने भी टीजर की सराहना करते हुए इसे ‘मंत्रमुग्ध कर देने वाला’ बताया है। टीजर के विजुअल्स, बैकग्राउंड स्कोर और प्रस्तुति को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे यह साफ है कि फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है।
कुल मिलाकर, ‘रामायण’ का यह टीजर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा करने में सफल रहा है और अब सभी को इसके ट्रेलर और फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।











