फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों सरके चुनर तेरी गाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माए गए इस गाने के बोल और डांस स्टेप्स को लेकर सोशल मीडिया से लेकर फिल्मी हलकों तक तीखी आलोचना हो रही है। कई लोगों ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक बताते हुए इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, यह सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इस गाने को पास कैसे कर दिया।
विवाद के बीच अब इस गाने के गीतकार रकीब आलम ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है और पूरे मामले पर सफाई दी है। उन्होंने साफ कहा कि जिस तरह के विवादित और अश्लील लिरिक्स पर बवाल हो रहा है, वे उनके लिखे हुए नहीं हैं। रकीब आलम का दावा है कि उन्होंने गाने का मूल संस्करण लिखा था, लेकिन बाद में उसमें बदलाव कर दिए गए।

गीतकार के मुताबिक, गाने का जो वर्जन रिलीज किया गया है, वह डायरेक्टर का बदला हुआ संस्करण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के निर्देशक ने जानबूझकर गाने में ऐसे बदलाव किए ताकि विवाद खड़ा हो और गाना ज्यादा चर्चा में आए। रकीब ने कहा कि आज के दौर में कंट्रोवर्सी को प्रमोशन का एक तरीका बना लिया गया है और इस गाने के साथ भी कुछ ऐसा ही किया गया।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद बहस और तेज हो गई है। एक तरफ जहां दर्शकों का एक वर्ग इसे मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता बता रहा है, वहीं कुछ लोग इसे क्रिएटिव फ्रीडम का हिस्सा मान रहे हैं। हालांकि, लगातार बढ़ते विरोध के चलते अब यह देखना अहम होगा कि संबंधित निर्माता-निर्देशक या सेंसर बोर्ड इस पर कोई कदम उठाते हैं या नहीं।











