ऐंथ्रोपिक ने अपने एआई टूल क्लॉड (Claude) के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है, जिससे अब सभी यूजर्स अपने माइक्रोसॉफ्ट 365 अकाउंट को सीधे एआई से कनेक्ट कर सकेंगे। इस नए फीचर की सबसे खास बात यह है कि इसे फ्री प्लान वाले यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे अपने ईमेल, डॉक्यूमेंट और फाइल्स को बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के क्लॉड के साथ इस्तेमाल कर पाएंगे। कंपनी का मानना है कि इस एकीकरण से कामकाज की गति और सुगमता में काफी सुधार होगा, जो एआई मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच एक बड़ा कदम है।
इस अपडेट के बाद क्लॉड को आउटलुक (Outlook), वनड्राइव (OneDrive) और शेयरपॉइंट (SharePoint) जैसे प्रमुख माइक्रोसॉफ्ट ऐप्स से जोड़ा जा सकता है। पहले यह सुविधा केवल टीम और एंटरप्राइज प्लान तक सीमित थी, लेकिन अब हर सामान्य यूजर इसका लाभ उठा सकेगा। अब यूजर्स को अलग से फाइल अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी क्योंकि क्लॉड सीधे आपकी फाइल्स और ईमेल तक पहुंच सकता है। यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी जो रोजाना के कामों के लिए माइक्रोसॉफ्ट टूल्स पर निर्भर रहते हैं।
एंथ्रोपिक का यह रणनीतिक फैसला सीधे तौर पर माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट (Copilot) को कड़ी टक्कर देता नजर आ रहा है। कोपायलट विंडोज 11 और माइक्रोसॉफ्ट 365 के साथ गहराई से जुड़ा हुआ है, लेकिन अब क्लॉड भी उसी तरह की सहज सुविधाएं प्रदान कर रहा है। क्लॉड का फ्री एक्सेस यूजर्स को एक नया और आकर्षक विकल्प दे रहा है, जिससे वे अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से एआई टूल का चुनाव कर सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फीचर की वजह से कई कोपायलट यूजर्स क्लॉड की ओर शिफ्ट हो सकते हैं।
हैरानी की बात यह है कि माइक्रोसॉफ्ट खुद भी अपनी सेवाओं में क्लॉड की तकनीक का उपयोग कर रहा है। हाल ही में पेश किया गया कोपायलट काउंसिल (Copilot Council) फीचर यूजर्स को विभिन्न एआई मॉडल्स के बीच स्विच करने की अनुमति देता है, जिससे वे चैटजीपीटी से कंटेंट बनवाकर क्लॉड से उसे रिव्यू करा सकते हैं। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट कोवर्क (Copilot Cowork) टूल भी क्लॉड की क्षमताओं पर आधारित है। इससे यह स्पष्ट होता है कि माइक्रोसॉफ्ट अपनी एआई रणनीति को विविधता दे रहा है और ओपनएआई पर अपनी निर्भरता को कम करने का प्रयास कर रहा है।











