(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत कासमा थाना क्षेत्र के अरथुआ गांव स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप धावा नदी में आज अहले सुबह एक दर्दनाक घटना घटी है। जिसमें एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ नदी में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अरथुआ गांव निवासी पिंटू चंद्रवंशी की 30 वर्षीय पत्नी सोनी देवी, 3 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी तथा 18 माह की पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह, कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच तीनों शवों को अपने कब्जे में लेते हुए आगे की प्रक्रिया में जुट गई है।
बताया गया कि मृतिका सोनी देवी ने 2018 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत रहती थी। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद सोनी देवी ने यह कदम उठाया। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।









