(बिरेन्द्र, संवाददाता, बांका)
बांका – बांका में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तेज बारिश के दौरान अलग-अलग इलाकों में गिरी आकाशीय बिजली ने छह लोगों की जान ले ली। जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सबसे दर्दनाक हादसा बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुआ, जहां खेत में धान रोपनी कर रहे ब्रह्मदेव यादव और उनके सात वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इसके अलावा गोलाहू गांव के ईनोद यादव, लीलाबरन गांव की सरिता देवी, अमरपुर के सलेमपुर बहियार में अजय महतो और बाराहाट के दफरपुर गांव के साधु तांती की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।
वहीं रजौन और चांदन प्रखंड में वज्रपात से सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई है। पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।







