(धीरज कुमार, संवाददाता, बक्सर)
बक्सर/डुमरांव - सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलता एक वीडियो डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल से सामने आया है। वायरल वीडियो में मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) में भर्ती दो नवजात बच्चों का इलाज डॉक्टर यूनिट के गेट के बाहर करते दिख रहे हैं।
वायरल वीडियो में परिजन अस्पताल प्रबंधन की बदइंतजामी पर खुलकर नाराजगी जता रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक अस्पताल में बिजली गुल थी और जेनरेटर भी नहीं चल रहा था। गर्मी और उमस के कारण MNCU के अंदर बच्चों को रखना खतरे से खाली नहीं था, इसलिए डॉक्टरों ने मजबूरी में बाहर इलाज शुरू किया।
वहीं वीडियो सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फिलहाल प्रशासन की ओर से बिजली गुल होने और जेनरेटर खराब होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामला तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जांच की बात कही है।








