दुमका - मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडोर स्टेडियम, दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त दुमका ने कहा कि विधि एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध हैl मुहर्रम के दौरान विधि व्यवस्था संधारण हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी तथा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगीl कानून-व्यवस्था अथवा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुहर्रम पर्व के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) पूर्णतः अलर्ट मोड में कार्य करेगा।
उपायुक्त ने आगे कहा कि अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मुहर्रम पर्व को पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। आयोजित बैठक में शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।








