(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ जिले के कुजू ओपी परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लेकर मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने की। इस दौरान त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।
वहीं बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मौके पर अधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी से नियमों का पालन करने की अपील की। प्रशासन की ओर से मोहर्रम कमेटियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाला जाए और किसी भी प्रकार के भड़काऊ गाना का प्रयोग न किया जाए। साथ ही नशापान से दूर रहकर त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। बताते चलें कि बैठक के दौरान केवल मोहर्रम की तैयारियों पर ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं पर भी चर्चा हुई।








