(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्दा पंचायत के हसनपुरा गांव में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती के साथ उसके ही माता-पिता द्वारा की गई बेरहमी की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हसनपुरा गांव निवासी पूजा कुमारी ने करीब एक माह पूर्व अपने रिश्ते के भतीजे लगने वाले बिट्टू कुमार से लव मैरिज कर लिया था। दोनों के घर एक-दूसरे के काफी नजदीक हैं। इस विवाह से नाराज दोनों परिवारों और ग्रामीणों ने सामाजिक स्तर पर पंचायत बुलाई। पंचायत में प्रेमी युगल को अलग करने का निर्णय लिया गया तथा लड़का पक्ष पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। बताया जाता है कि युवती के माता-पिता लड़की के ससुराल पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ मायके ले आए। आरोप है कि घर पहुंचते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती को बचाकर थाना ले जाया गया।
शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। वायरल वीडियो और आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








