(एनके मंडल, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर हिरणपुर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लेकर पर्व को भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाने का संकल्प लिया।
बैठक में ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस के मार्गों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पर्व के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल और गश्ती दल तैनात रहेंगे।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था तोड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में सभी समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के साथ प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।








