(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत आगामी 12 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से ओपन थिएटर (झील परिसर), हजारीबाग में एक दिवसीय आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का आयोजन किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त रिया सिंह द्वारा इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, डीपीएम, जेएसएलपीएस तथा जिला योजना पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। मेले का उद्देश्य जिले के आम उत्पादक किसानों एवं बागवानों को बाजार उपलब्ध कराना। उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करना तथा बागवानी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
गौरतलब हो कि मेले में सभी प्रखंडों के आम उत्पादक लाभुक अपने उत्पादों के साथ भाग लेंगे तथा सीधे उपभोक्ताओं को आम की बिक्री करेंगे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंडों के आम उत्पादक लाभुकों की सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि मेले में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। बताते चलें कि स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों एवं सामग्रियों की बिक्री हेतु भी विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।








