(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - नवीनगर विधानसभा क्षेत्र के जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने आज औरंगाबाद अतिथिगृह में जनता दरबार लगाया। इसमें नवीनगर क्षेत्र से सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं।
इस संबंध में विधायक चेतन आनंद ने कहा कि वह हर महीने 2 दिन औरंगाबाद अतिथिगृह में रुकते हैं और लोगों की समस्याएं सुनते हैं। उनका प्रयास रहता है कि मौके पर ही समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जाए। इस बार जनता दरबार में अधिकतर शिकायतें जमीनी विवाद से जुड़ी थीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर मामले का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया हर महीने लगातार जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं स्थानीय लोगों ने जनता दरबार की पहल की सराहना की और कहा कि सीधे विधायक से बात हो जाने से उनकी परेशानी कम हुई है।








