(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा में रविवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के द्वारा आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा को शहर के 8 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
गौरतलब हो कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल नीट यूजी को लेकर मधेपुरा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। रविवार को जिले के आठ निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया, जहां कुल 2490 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार को रोका जा सके। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी गई थी। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति दी गई।









