(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। 11 दिन बाद19 वर्षीय युवती की शादी होने वाली थी, लेकिन एक जहरीले सांप के डसने से उसकी मौत हो गई।
दरअसल मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के फनहन वार्ड-12 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रहने वाले सुबोध मंडल की 19 वर्षीय बेटी रूपम कुमारी की सर्पदंश से मौत हो गई। रूपम की शादी आगामी 29 जून को तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थी। रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया जा चुका था और शादी से जुड़ी खरीदारी भी अंतिम चरण में थी।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार की सुबह रूपम घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान घर में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। रूपम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शादी के गीत गूंजने वाले थे, वहां अब सिर्फ रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही है।
वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि युवती की मौत सर्पदंश से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।









