(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ में नव निर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय का विधिवत उद्घाटन झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे ने किया। इस अवसर पर रामगढ़ विधायक ममता देवी ने मंत्री का शॉल और माला पहनाकर स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडे ने कहा कि यह भवन विधायक ममता देवी के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यालय शुरू होने से आम लोगों को सरकारी सेवाओं और समस्याओं के समाधान में सुविधा मिलेगी। मंत्री ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
वहीं विधायक ममता देवी ने कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय के संचालन से क्षेत्र की जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी और अधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रखंड व अंचल के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जेएसएलपीएस की महिलाओं ने गीत-संगीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।








