(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - नशा उन्मूलन को लेकर जिला प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इसी क्रम में उपायुक्त हेमंत सती और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओ आदित्य पांडे ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसके कारण व्यक्ति का स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। खासकर युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को शराब, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को नशे की आदत छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पंपलेट, संदेश और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक नशा विरोधी संदेश पहुंचाया जाएगा।








