रांची - धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता दो सगे भाई करण और अर्जुन का 12 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चों की मां डॉली देवी लगातार अपने बेटों की तलाश में दर-दर भटक रही हैं और पुलिस पर मामले में पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगा रही हैं। इस बीच शुक्रवार रात एक संदिग्ध फोन कॉल ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे डॉली देवी के पास मोबाइल नंबर 9505487735 से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कर्नाटक से बताते हुए कहा कि दोनों बच्चों का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस सूचना के बाद परिवार में बेचैनी का माहौल है। वहीं, पुलिस अब इस मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है।
बताया गया कि रेलवे स्टेशन के CCTV में दिखे थे दोनों भाई। इस मामले में बच्चों की मां डॉली देवी का कहना है कि उनके दोनों बेटे पिछले 12 दिनों से लापता हैं। लेकिन अब तक पुलिस उन्हें खोजने में सफल नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती दिनों में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें खुद बच्चों की तलाश करने की सलाह दी गई। हालांकि, मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। पुलिस जांच के दौरान रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों भाई नजर आए थे। अब कर्नाटक से आए फोन कॉल के बाद पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है। बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर शनिवार शाम छह बजे मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है।








