(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ से एक बड़ी और बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां खुशियां बांटने निकली एक ताशा पार्टी का सफर हमेशा के लिए थम गया। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों की दुनिया उजड़ने की कहानी बन गया है।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11:15 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बारलोंग के पास रामगढ़-बोकारो मार्ग पर एक ट्रक और ताशा पार्टी की पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ताशा पार्टी के सभी सदस्य गोला क्षेत्र से रामगढ़ एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दो घायलों को गंभीर हालत में रिम्स रांची रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। वहीं घनटा की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।








