सरायकेला - खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर चिलगु के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक मैजिक वाहन को टक्कर मारी, फिर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क किनारे खड़े एक युवक को कुचल दिया। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृत युवक की पहचान चिलगु निवासी 35 वर्षीय जितेन दास के रूप में हुई है। इस घटना में मैजिक और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। चिलगु के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।








