(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग जिले के लोगों के लिए राहत और खुशखबरी भरी खबर सामने आई है। करीब 11 वर्षों से लंबित हजारीबाग रेल लाइन डबलिंग परियोजना अब तेज गति से आगे बढ़ रही है। भारतीय रेलवे द्वारा लगभग ₹342 करोड़ की लागत से संचालित इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना और यात्री एवं माल परिवहन को अधिक सुगम बनाना है।
जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत रेल लाइन डबलिंग का कार्य तेजी से जारी है और रेलवे ने इसे 430 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों का अनुमान है कि यदि कार्य निर्धारित गति से चलता रहा तो मार्च 2028 तक परियोजना पूरी हो सकती है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस परियोजना के लिए आवश्यक करीब 90 प्रतिशत भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है। वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर ट्रैक बिछाने, आधारभूत संरचना विकसित करने तथा तकनीकी कार्यों को गति दी जा रही है।








