(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - दीपुगढ़ा स्थित नव निर्मित श्री श्री महादेव मंदिर में भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सप्त दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 11 जून 2026 से 17 जून 2026 तक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा।
गौरतलब हो कि स्थानीय श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों के सहयोग से इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। मंदिर निर्माण में क्षेत्रवासियों की आस्था, सहयोग और सहभागिता महत्वपूर्ण रही है। इसी परिसर में शनि भगवान मंदिर का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। मंदिर निर्माण को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शहर में शनि भगवान के मंदिर काफी कम हैं, इसी को देखते हुए दीपुगढ़ा में एक ही स्थान पर श्री श्री महादेव मंदिर एवं शनि भगवान मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। महायज्ञ के दौरान कलश यात्रा, मंडप पूजन, देव स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा, महापूजन, आरती, कथा सत्संग, जागरण सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान अशोक जी के द्वारा संपन्न कराए जाएंगे। प्रख्यात यज्ञाचार्य पं. देवेंद्र पाठक, सनावद (ओंकारेश्वर), मध्य प्रदेश के मार्गदर्शन में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ संपन्न होगा। वहीं 12 जून 2026 से प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम तक भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।








