(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग – हजारीबाग झील परिसर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान झील परिसर में लगे ठेले, खोमचे एवं अन्य अस्थायी दुकानों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
इस संबंध में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि झील परिसर शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। परिसर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि ठेला और खोमचा लगाने वाले दुकानदारों को हटाने के साथ-साथ उनके रोजगार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। सभी दुकानदारों को त्रिमूर्ति चौक के समीप बने वेंडर मार्केट में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही कहा कि आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही दुकानदारों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें।








