(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा जिले के मुरलीगंज में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और पुलिस के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों व्यवसायियों ने नगर की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। वहीं अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
दरअसल मधेपुरा जिले के मुरलीगंज नगर पंचायत के गोल बाजार स्थित भगत धर्मशाला परिसर में चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी तथा मुरलीगंज थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल करना था।
संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों ने नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखा। व्यवसायियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक प्रबंधन जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं के कारण व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने नगर को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
आयोजित कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी व्यापारियों की समस्याओं का समर्थन करते हुए कहा कि नगर के विकास में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।








