(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जेल के अंदर कैदी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव पहुंचने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के भीरखी वार्ड-24 निवासी रंजन पासवान के बेटे 27 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को दीपक की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने दीपक को मृत पाया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपक के साथ जेल के अंदर मारपीट की गई थी और उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी समय पर नहीं दी गई। उनका कहना है कि मौत के बाद मंगलवार सुबह फोन कर इसकी सूचना दी गई। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि दीपक सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी रौशनी कुमारी, दो बेटे और एक बेटी हैं। दीपक की मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।








