(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - रांची स्थित कांग्रेस भवन में आज पार्टी ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की। हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव के परिणामों के बाद उत्पन्न परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया। पार्टी ने साफ किया है कि हार के बावजूद गठबंधन अटूट है और वे आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को इस बात पर मंथन करना चाहिए कि उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन क्यों किया।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने राज्यसभा चुनाव के परिणामों को महागठबंधन की हार बताते हुए इसे एक बड़ी लड़ाई का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था, तो निर्दलीय उम्मीदवार को मैदान में उतारने का उद्देश्य स्पष्ट था। उन्होंने प्रभारी के. राजू का बचाव करते हुए उन्हें एक ईमानदार व्यक्ति बताया।
वरिष्ठ नेता और मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि महागठबंधन चुनाव पूर्व का है और इसका उद्देश्य भाजपा को राज्य में विस्तार करने से रोकना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर किसी भी प्रकार के कटाक्ष से बचने की जरूरत है। हम भाजपा की 'फूट डालो और राज करो' की नीति कभी सफल नहीं होने देंगे।








