रांची - झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का निर्देश दिया।
गौरतलब हो कि झारखंड मंत्रालय में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि पेयजल जनजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जल सहियाओं को प्लंबर प्रशिक्षण देने, खराब चापाकलों की मरम्मत और सौर जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव में उनकी भागीदारी बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव अबू इमरान समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








