रांची - झारखंड में शहरी प्रशासन को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज GIS आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत JUIDCO द्वारा संचालित यह परियोजना राज्य के 49 शहरी स्थानीय निकायों में पारदर्शी और डेटा-आधारित प्रशासन विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। परियोजना के पायलट चरण में रांची, धनबाद और गिरिडीह नगर निगमों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पायलट परियोजना से प्राप्त अनुभवों का विश्लेषण कर राज्य के अन्य नगर निकायों में भी इस प्रणाली का चरणबद्ध विस्तार किया जाए।








