रांची – मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में सीएम हेमंत सोरेन ने तीन दिवसीय झारखंड कृषि उत्पादन मेला-2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने किसानों, कृषि उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मेले के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव कृषि क्षेत्र पर टिकी हुई है। उन्होंने जैविक उत्पादों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता है। जिसका उपयोग कर राज्य जैविक खेती के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने और कृषि को व्यवसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सीएम सोरेन ने कहा कि समाज और राज्य के विकास के लिए सभी लोगों को जाति, धर्म और अन्य भेदभावों से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए।








