रांची - झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में सीएम हेमंत सोरेन लगातार प्रयासरत हैं। इसी बीच राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में सीएम हेमंत सोरेन ने 262 नए कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपा है।
नियुक्ति पत्र पाने वालों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं।
इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र पाने वाले हर कर्मचारी से कहा कि उन्हें सैलरी जनता के पैसों से मिलती है। इसलिए वे अपने काम को पूरी ईमानदारी के साथ करें और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करें। आगे सीएम ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग में नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
वहीं झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य राज्य के हर जिले और पंचायत तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का है।
झारखंड सरकार के अवर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि नई नियुक्तियों से जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर होगी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की संख्या बढ़ने से खाद्य पदार्थों में मिलावट पर निगरानी रखी जा सकेगी।








