औरंगाबाद/रांची - वाराणसी से मंगलवार रात रांची के लिए निकली रेखा बस बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना NH-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप की है। जहां बस ने सड़क निर्माण कार्य में लगी डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक फार्मा कर्मी की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है। वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ रांची जा रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल विवेक सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकांश घायल वाराणसी के शहरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और अपनी जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा।








