(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एसएच-91 पर एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने उसके शव को सुबह करीब छह बजे सड़क पर खून से लथपथ हालत में देखा था। इसकी सूचना बिहारीगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लवकुश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की समीक्षा की।








