(दीनानाथ मौआर, संवाददाता, औरंगाबाद)
औरंगाबाद - जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में बटाने नदी स्थित पुल के डायवर्सन एवं पुल निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिसमें संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ कराने एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सहायक अभियंता, एनएच-139 द्वारा अवगत कराया गया कि डायवर्सन निर्माण से संबंधित निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 15 जून 2026 से डायवर्सन निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
जिला पदाधिकारी द्वारा समीक्षा के क्रम में बताया कि पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) से पुल निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित पुल क्षेत्र में भारी वाहनों का परिचालन होने के कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित निविदा प्रक्रिया का अनुपालन किया जा रहा है। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, आरसीडी को निर्देश दिया कि अंबा–बारुण पथ पर स्थित पुल की मरम्मत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही बारुण पथ पर दुर्घटना की संभावना को कम करने हेतु आवश्यक स्थलों पर स्पीड लिमिट संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।








