रांची - मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन परिसर से राज्यव्यापी नशामुक्ति अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से तैयार की गई प्रचार गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब हो कि सरकार की ओर से शुरू की गई यह मुहिम न केवल नशे की बुराइयों को समाप्त करने पर केंद्रित है, बल्कि लोगों को एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित भी करेगी।
इस जागरूकता अभियान के दायरे को व्यापक बनाते हुए राज्यभर में 80 से अधिक प्रचार गाड़ियां तैनात की गई हैं। जो सुदूर ग्रामीण इलाकों और शहरी क्षेत्रों में जाकर जन-जन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएंगी। यह अभियान आगामी 26 जून तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। जिसके दौरान विभिन्न प्रचार माध्यमों का उपयोग कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाएगा। राज्य सरकार का यह कदम समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास माना जा रहा है।








