(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ जिले के कुजू-घाटो मुख्य मार्ग स्थित मुकुंदबेड़ा के समीप एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कोयला लदा एक हाइवा स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा टकराया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकुंदबेड़ा के पास सड़क किनारे पहले से एक कोयला लदा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान तोपा कोलियरी से कोयला लेकर घाटो की ओर जा रहा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चलते समय हाइवा का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हाइवा चालक सुरक्षित है। वहीं दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना नहीं है।








